नागपुर बेंच ने लगाई तत्काल नतीजों पर रोक; कहा- "जब 20 तक मतदान बाकी, तो 3 को रिजल्ट कैसे? लोकसभा की तरह अंतिम चरण का करें इंतजार"
नागपुर/कामठी:नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव के नतीजों का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों और जनता के लिए बड़ी खबर है। मुंबई उच्च न्यायालय की नागपुर बेंच ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने स्पष्ट आदेश दिया है कि राज्य की सभी नगर परिषदों (कामठी सहित) और नगर पंचायतों की मतगणना अब एक साथ 21 दिसंबर को होगी।
हाईकोर्ट ने क्या कहा? (न्यायाधीश का तर्क)
न्यायालय ने राज्य चुनाव आयोग को फटकार लगाते हुए सख्त सवाल किया, "जब 20 दिसंबर को कुछ जगहों पर मतदान होना बाकी है, तो आप 3 दिसंबर को बाकी जगहों की मतगणना करके नतीजे कैसे घोषित कर सकते हैं?"
कोर्ट ने तर्क दिया कि जैसे लोकसभा चुनाव में अंतिम चरण का मतदान खत्म होने तक नतीजे या एग्जिट पोल घोषित नहीं किए जाते ताकि 'फ्री एंड फेयर इलेक्शन' (निष्पक्ष चुनाव) प्रभावित न हो, वही नियम यहां भी लागू होना चाहिए। 20 दिसंबर को राज्य की लगभग 20 नगर परिषदों (जिनमें कानूनी कारणों से चुनाव टले थे) में मतदान होना है। यदि 2 दिसंबर को हुए मतदान के नतीजे 3 तारीख को आ जाते, तो इसका असर 20 तारीख के मतदान पर पड़ता।
प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती: 3 हफ्ते तक EVM की पहरेदारी
नतीजे 21 दिसंबर तक टलने से प्रशासन और पुलिस विभाग के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। इसका असर निम्नलिखित होगा:
स्ट्रॉंग रूम की सुरक्षा: अब 21 दिसंबर तक ईवीएम (EVM) मशीनों को स्ट्रॉंग रूम में सुरक्षित रखना होगा।
पुलिस बंदोबस्त: राज्य में लगभग 280 स्थानों पर चुनाव हो रहे हैं। हर जगह स्ट्रॉंग रूम के बाहर 24 घंटे कड़ा पुलिस पहरा तीन सप्ताह तक रखना होगा।
रोजाना निरीक्षण: चुनाव निर्णय अधिकारियों और कर्मचारियों को अब 21 दिसंबर तक रोज स्ट्रॉंग रूम जाकर निरीक्षण करना होगा और रजिस्टर में हस्ताक्षर करने होंगे।
विधानसभा जैसी मेहनत: यह जिम्मेदारी विधानसभा चुनाव जितनी ही बड़ी है, क्योंकि विधानसभा में वोटिंग के 1-2 दिन बाद गिनती हो जाती है, लेकिन यहां प्रशासन को 3 हफ्ते तक पूरी व्यवस्था संभालनी होगी।
कामठी पर असर:
कामठी नगर परिषद के लिए आज (2 दिसंबर) मतदान हो रहा है, लेकिन अब उम्मीदवारों को अपनी जीत-हार जानने के लिए 19 दिनों का लंबा इंतजार करना होगा। 20 दिसंबर को कामठी की बची हुई 3 सीटों पर मतदान होगा और उसके बाद 21 दिसंबर को सभी पेटी एक साथ खुलेंगी।

Post a Comment