कामठी: कामठी नगर परिषद चुनाव से ठीक पहले फेरुमल चौक पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP - अजित पवार गुट) के नगराध्यक्ष उम्मीदवार शाहजहां शफात अंसारी की जनसभा में भावनात्मक अपील और तीखे राजनीतिक आरोप देखने को मिले। अंसारी ने अपनी बेबाकी और सहजता से जनता को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें भाषण देना नहीं आता, लेकिन काम करना आता है और उन्होंने अपने कार्यकाल में 22 करोड़ रुपए का ड्रैगन पैलेस रोड जैसे बड़े काम किए हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ नाली या सड़कें बनाना नहीं है, बल्कि ऐसा काम करना है जिसे कामठी के लोग 100 साल तक याद रखें, और इसी बड़े विजन के कारण वह 18 साल बाद 'घड़ी' (एनसीपी) के चुनाव चिन्ह पर मैदान में आए हैं।
अंसारी के साथियों ने कांग्रेस की राजनीति पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कुछ नेता सिर्फ 'पंजा' (कांग्रेस का चुनाव चिन्ह) के नाम पर मुसलमानों के बीच असर रखते हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा कांग्रेस के नाम का इस्तेमाल किया, काम नहीं किया, और उन्हें (शाहजहां अंसारी को) कांग्रेस की मजबूरी नहीं, बल्कि कामठी की जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि शाहजहां अंसारी कोई नेता नहीं हैं, बल्कि आपके परिवार का सदस्य हैं, जो चाहे हिंदू हो या मुसलमान, आधी रात को भी लोगों की समस्या हल करने के लिए हाजिर रहते हैं और यह खुद में एक बड़ी सरकार है। उन्होंने शकूर नागानी पर भी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के लिए काम न करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने ही एक व्यक्ति (नरेंद्र शर्मा) को शह देकर शाहजहां अंसारी के खिलाफ झूठी कानूनी कार्यवाही शुरू करवाई थी, जबकि शाहजहां अंसारी ने 1 रुपए का काम 80 पैसे में करवाकर नगर परिषद का फायदा कराया।
सभा में नगराध्यक्ष उम्मीदवार शाहजहां अंसारी की ओर से कामठी के भविष्य के लिए बड़े वादे किए गए, जिनमें बुनकर समाज को बिजली बिलों में सरकारी स्कीम के तहत कटौती और सुविधा दिलाना, युवाओं के लिए कामठी में आईटी हब लाना, और मेट्रो के कारण होने वाले अतिक्रमण पर समृद्धि महामार्ग की तर्ज पर 10 गुना अधिक मुआवजा दिलाने की योजना प्रमुख थी। उनके साथी ने कांग्रेस नेताओं को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन पर लगाए गए 4 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप का कोई भी सबूत है तो 2 तारीख़ से पहले कोर्ट के पटल पर रखें, अन्यथा शाहजहां अंसारी की जीत को स्वीकार करें। उन्होंने जनता से 'घड़ी' (एनसीपी) के निशान पर 11 नंबर का बटन दबाने की भावुक अपील की।

إرسال تعليق