मध्य भारत टाइम्स
कामठी | 25 फरवरी 2026:
कामठी के जुना प्रभाग क्रमांक 16 (लुम्पनी नगर) में 'नागरी दलित बस्ती सुधार योजना' के अंतर्गत प्रस्तावित एक सीमेंट सड़क निर्माण कार्य विवादों में घिर गया है। स्थानीय नागरिक मेहदी हसन अकबर अली ने जिलाधिकारी, नागपुर और सहायक आयुक्त, समाज कल्याण विभाग को एक औपचारिक शिकायत पत्र भेजकर इस कार्य को तत्काल रद्द करने की मांग की है।
मैदान की बलि देकर सड़क बनाने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, जिस स्थान पर सीमेंट सड़क बनाने की प्रशासनिक मंजूरी मिली है, वह जगह आधिकारिक टाउन प्लानिंग (नक्शा) में 'Open Space' (खुली जगह) और 'क्रीड़ा मैदान' (A-Block) के रूप में आरक्षित है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि रफीक कुरैशी के घर से रजा गेरेजवाले के घर तक जिस सड़क को मंजूरी दी गई है, वह वास्तव में खेल के मैदान का हिस्सा है। नागरिकों का कहना है कि सड़क के लिए पहले से ही 9 मीटर का वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है, लेकिन उसे छोड़कर खेल के मैदान को नुकसान पहुँचाया जा रहा है।
मांग: सड़क नहीं, बने 'ग्रीन जिम' और 'रनिंग ट्रैक'
नागरिकों ने मांग की है कि इस सरकारी निधि का दुरुपयोग रोका जाए और इस आरक्षित खुली जगह को निम्नलिखित सुविधाओं के लिए विकसित किया जाए:
पर्यावरण: यहाँ पर गार्डन विकसित कर अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं।
स्वास्थ्य: युवाओं और बुजुर्गों के लिए 'ग्रीन जिम' और 'रनिंग ट्रैक' का निर्माण हो।
सुरक्षा: इस क्रीड़ा मैदान को संरक्षित करने के लिए कानूनी कार्यवाही की जाए और सड़क निर्माण की वर्तमान मंजूरी को निरस्त किया जाए।
इस शिकायत की प्रतिलिपि कामठी नगर परिषद के मुख्याधिकारी को भी भेज दी गई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन नागरिकों की इस भावना का सम्मान करता है या खेल के मैदान पर बुलडोज़र चलना जारी रहता है।

إرسال تعليق